Last Updated:July 03, 2026, 13:14 IST
Raipur News: आरोपी बिंगसन जॉन (69) मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है. उसकी ठगी का स्टाइल चार्ल्स शोभराज से अलग है. उसने पुलिस को बताया कि कभी वह होटल में बतौर वेटर काम करता था. होटल मालिक ने सैलरी नहीं दी, उसे प्रताड़ित किया गया, तब से उसने ठान लिया कि वह देश के बड़े होटलों को अपना शिकार बनाएगा.
आरोपी बिंगसन जॉन तमिलनाडु का रहने वाला है.
रिपोर्ट- युगल तिवारी, रायपुर. फाइव स्टार होटल…आलीशान कमरा…महंगे लंच-डिनर और फिर ऐसा दांव कि होटल का मैनेजमेंट भी हैरान रह गया. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक पांच सितारा होटल में 69 साल का एक शख्स तीन दिन तक नवाबी ठाठ से रहा, हजारों रुपये का बिल बनाया, होटल का लैपटॉप लिया और फिर ऐसा गायब हुआ कि सब देखते रह गए. जांच में जो कहानी सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. दावा है कि आरोपी की यह कोई पहली वारदात नहीं है बल्कि वह पिछले तीन दशक से ज्यादा समय से देशभर के बड़े होटलों को इसी अंदाज में निशाना बनाने वाला महाठग है, जो बिकिनी किलर चार्ल्स शोभराज से प्रभावित रहा है. रायपुर पुलिस ने आरोपी को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी है.
आरोपी का नाम बिंगसन जॉन है. वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है. उसकी उम्र 69 साल है लेकिन ठगी का स्टाइल चार्ल्स शोभराज से भी अलग है. पहले वह होटल में वेटर का काम करता था. होटल मालिक ने वेतन नहीं दिया, प्रताड़ित किया, तब से उसने ठान लिया कि वह देश के बड़े होटलों को निशाना बनाएगा. अब तक वह 300 से ज्यादा होटलों में इसी तरह रहा. उसने 100 बड़े होटलों में चोरी की.
बिल चुकाए बिना फरार
बिंगसन जॉन ने रायपुर के तेलीबांधा स्थित पांच सितारा हयात होटल में कमरा लिया था. 27 जून को वह 63755 रुपये का बिल चुकाए बिना फरार हो गया था. वह होटल से करीब डेढ़ लाख रुपये का लैपटॉप भी ले गया था. होटल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की. जिसके बाद पुलिस ने उसे भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लैपटॉप भी बरामद कर लिया.
होटल से लिया लैपटॉप
दरअसल बिंगसन जॉन ने तीसरे दिन होटल प्रबंधन से कहा कि उसे एक बेहद जरूरी ऑफिस का काम निपटाना है और कुछ देर के लिए एक लैपटॉप चाहिए. होटल स्टाफ ने बिना किसी शक के उसे लैपटॉप दे दिया लेकिन लैपटॉप हाथ में आते ही शातिर ठग होटल से ऐसा निकला कि फिर लौटकर नहीं आया. जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला, तब होटल प्रबंधन को अहसास हुआ कि उनके साथ बड़ी ठगी हो चुकी है. इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे भुवनेश्वर से धर दबोचा. जांच एजेंसियों के अनुसार, मुंबई, दिल्ली, पुणे, हैदराबाद समेत कई शहरों के बड़े होटल आरोपी के निशाने पर रहे हैं. यहां तक कि कुछ प्रतिष्ठित होटल चेन भी उसकी ठगी का शिकार हो चुके हैं.
1996 में गया था तिहाड़ जेल
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह 1990 से अब तक देशभर के 300 से ज्यादा पांच सितारा होटलों में ठगी और चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है. वह पहली बार साल 1996 में तिहाड़ जेल गया था. वह 15 साल जेल में रह चुका है. पुलिस जांच में यह भी पता चला कि बिंगसन जॉन कुख्यात ठग और बिकिनी किलर चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था. इसी के चलते उसने लोगों से ठगी करने के नए-नए तरीके अपनाए. कभी वह खुद को विदेशी ट्रैवल गाइड बताता, कभी अंग्रेजी का टीचर, तो कभी योग शिक्षक बताकर महंगे होटलों में ठहरता था. वह कई दिनों तक होटल में रहता और फिर बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर रफूचक्कर हो जाता था. उसने पुलिस को बताया कि उसे या तो फाइव स्टार होटल या फिर जेल का खाना ही पसंद आता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Raipur,Chhattisgarh

